आंटी जी, शादी की सही उम्र क्या है?
Love Matters India

आंटी जी, शादी की सही उम्र क्या है?

द्वारा Auntyji जून 4, 05:26 बजे
आंटी जी, आजकल जहां जाती हूं, सब मेरी शादी की बात ही करते हैं कि मैं कब शादी कर रही। अभी तो मैं बस 21 साल की हुई हूं। एक बात बताओ आंटी कि लड़के या लड़कियों के लिए शादी की सही उम्र क्या है? - रुचि, धनबाद.

रुचि पुत्तर, मैं समझ सकती हूं, लड़का हो या लड़की, बार-बार शादी की बात सुनकर तो अच्छे-अच्छों की चाय उबल के बाहर आ जाती है! अब देख, सवाल तो सीधा है - 'शादी कब करनी चाहिए?'
लेकिन इसका जवाब वैसा है जैसे मम्मी का राजमा बनाने का तरीका - थोड़ा उलझा हुआ, थोड़ा दिल का मामला।

तो चल, आज आंटी तुझे आराम से बैठा के समझाती है - शादी कब करनी है, क्यों करनी है… और सबसे ज़रूरी, करनी भी है या नहीं करनी!"

सही उम्र क्या हो शादी की 

पुत्तर जी, हमारे यहां अक्सर लोग कहते हैं कि "लड़की 25 की हो गई? अब तो शादी कर दो।" या "लड़का 30 के पार जा रहा है? अब तो सेटल हो जाए।"

लेकिन लोग एक बात नहीं समझ पाते की शादी की सही उम्र और सही उम्र में शादी करने में अंतर है। देख रुचि बेटा, शादी की ‘सही उम्र’ कोई बंधी-बंधाई चीज़ नहीं होती है। ये कोई स्कूल का एडमिशन नहीं कि 5 साल का हो गया तो दाख़िला लो। शादी तब होनी चाहिए जब तू सच में तैयार हो- दिमाग से, दिल से और ज़िम्मेदारी से भी। 

हालांकि कानून कहता है कि लड़के की शादी 21 साल पर और लड़की की शादी 18 साल में की जा सकती है लेकिन हां, इसका मतलब ये नहीं कि इस उम्र में आते ही दूल्हा-दूल्हन बन जाए क्योंकि शादी इससे कहीं ज्यादा जिम्मेदारी वाला रिश्ता है। 

जिम्मेदारी का असल मतलब 

अब पुत्तर जी, तुस्सी सोच रहे होगे कि आंटी जी, बार-बार जिम्मेदारी की बात बोल रही लेकिन इसका असल मतलब क्या होता है, तो रुचि बेटा- जिम्मेदार होने का मतलब है- 

  • तू भावनात्मक तौर पर मजबूत हो 
  • अपने जीवन के फैसले लेने में सक्षम हो 
  • जब तू अपने करियर में सेट हो जाए 
  • जब तेरे पास तेरी कुछ सेविंग्स हो  

इसके अलावा हर किसी के लिए जिम्मेदारी का मतलब अलग-अलग हो सकता है लेकिन शादी से पहले किसी भी व्यक्ति को ऊपर दिए गए बातों को लेकर समझ होनी ही चाहिए। 

सब कर रहे इसलिए शादी करें 

कई बार लगता है कि सब शादी कर रहे हैं इसलिए शादी कर लूं लेकिन रुचि बेटा, तू कोई मोबाइल फोन नहीं है, जो सबके साथ "अपग्रेड" हो। शादी कोई ट्रेंड नहीं है बल्कि ये जीवन का बड़ा कदम है। सब कर रहे हैं इसलिए मैं भी कर लूं- ये शादी करने की वजह नहीं होनी चाहिए। मुझे अब लगता है कि मैं तैयार हूं- ये असली वजह होनी चाहिए। 

देख बेटा, शादी वो मिठाई है, जो सोच-समझ के खानी चाहिए। वरना ज़िंदगी भर मुंह का स्वाद बिगड़ सकता है। अब तेरा जवाब एक लाइन में देती हूं- शादी की सही उम्र वही है, जब तू अपने लिए सही फैसला ले सके। ना जल्दी, ना देर। बस सही टाइम पर, सही इंसान से। 

 

कोई सवालहमारे फेसबुक पेज पर लव मैटर्स (LMके साथ उसे साझा करें या हमारे इनबॉक्स में पूछें। हम Instagram, YouTube  और Twitter पर भी हैं!

 

क्या आप इस जानकारी को उपयोगी पाते हैं?

Comments
नई टिप्पणी जोड़ें

Comment

  • अनुमति रखने वाले HTML टैगस: <a href hreflang>